पीपल्दा विधायक चेतन पटेल ने खतौली क्षेत्र का किया दौरा
पीपल्दा : क्षेत्र में पिछले दिनों हुई भारी बारिश और अतिवृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में हुए जल भराव के कारण फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों की इसी पीड़ा को जानने और उन्हें संबल देने के लिए पीपल्दा विधायक चेतन पटेल ने खतौली क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया।
इन गांवों का किया दौरा
विधायक चेतन पटेल ने प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने छापोल, केथुदा, धाभाई, रामपुरिया, और आसिदा सहित कई गांवों का दौरा कर जलमग्न हुए खेतों की स्थिति देखी। इस दौरान उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों ने सुनाई अपनी व्यथा
दौरे के दौरान किसानों ने विधायक को बताया कि भारी बारिश और खेतों में पानी भरने से उनकी तैयार फसलें खराब हो चुकी हैं। किसानों ने अपनी आर्थिक स्थिति और भविष्य की चिंताओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने जल भराव की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों से भी इस संबंध में चर्चा की।
अविलंब मदद का भरोसा
विधायक चेतन पटेल ने किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि:
फसल खराबे का उचित सर्वे कराया जाएगा।
सरकार और प्रशासन से अविलंब सहायता राशि और मुआवजे की मांग की जाएगी।
जल निकासी के उचित प्रबंध के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।विधायक ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रभावित गांवों में जल्द से जल्द गिरदावरी करवाकर पीड़ित किसानों को राहत पहुंचाई जाए।
रिपोर्टर : आकाश बैरवा

No Previous Comments found.