राहत बनी आफत! ढीपरी चम्बल में प्रशासन ने खोदा 7 फीट गहरा गड्ढा, 8 परिवारों का रास्ता बंद
कोटा : राजस्थान के इटावा क्षेत्र के ढीपरी चम्बल से एक ऐसी खबर आ रही है जहाँ प्रशासन की 'अधूरे मन' से की गई कार्यवाही अब ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। दो घरों का पानी निकालने के चक्कर में प्रशासन ने मुख्य सड़क पर ऐसा नाला खोदा कि अब आठ परिवारों का घर से निकलना दूभर हो गया है। पूरा मामला पिछले दिनों हुई भारी बरसात से जुड़ा है। ढीपरी चम्बल में दो घरों में बरसाती पानी भर गया था। जलभराव की समस्या को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी इटावा के आदेश पर PWD के अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी चलवाई और मुख्य सड़क पर करीब 200 मीटर लंबा नाला खुदवा दिया।
लेकिन राहत की ये कोशिश, बाकी ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई। यह नाला करीब 5 से 7 फीट गहरा है। प्रशासन ने नाला तो खोद दिया, लेकिन दूसरी तरफ रह रहे 7-8 परिवारों के निकलने के लिए कोई रास्ता नहीं छोड़ा।
हालात ये हैं कि अब इन घरों के छोटे-छोटे मासूम बच्चे और पालतू पशु इसी 7 फीट गहरे नाले को पार करके मुख्य सड़क तक आने को मजबूर हैं। जरा सी चूक किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे सकती है।
ग्रामीणों का कहना है:
"प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन वहां से सिर्फ आश्वासन मिला है कि बरसात के बाद ही कुछ होगा। अब स्कूल खुलने वाले हैं, बच्चे स्कूल कैसे जाएंगे? अगर कोई बच्चा या पशु इस गहरे नाले में गिर गया, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा?"
स्थानीय प्रशासन की इस लापरवाही ने ग्रामीणों में भारी रोष पैदा कर दिया है। ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके। प्रशासन की इस 'टालमटोल' वाली नीति पर अब सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्टर : आकाश


No Previous Comments found.