कोटा पुलिस का बड़ा धमाका: 33 किलो अफीम डोडा चूरा जब्त,दो अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे

कोटा : कोटा शहर पुलिस ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ते हुए अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक कोटा शहर के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन गर्ड' के तहत रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 33 किलो 550 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पकड़े गए तस्करों का नेटवर्क मध्य प्रदेश से लेकर राजस्थान के कई शहरों तक फैला हुआ था।

साधारण मुसाफिर बनकर कर रहे थे मौत की सप्लाई
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी शाहरुख (25) निवासी कासगंज (उत्तर प्रदेश) और सूरज (20) निवासी झज्जर (हरियाणा) हैं। ये आरोपी इतने शातिर हैं कि पुलिस को चकमा देने के लिए पीठ पर बैग टांगकर बिल्कुल साधारण यात्री की तरह बस और ट्रेन में सफर करते थे। इनके बैगों की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम भी हैरान रह गई; अंदर भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था।
नीमच से जयपुर तक का 'डेथ रूट'
पूछताछ में तस्करों ने कबूला कि वे यह नशा नीमच (मध्य प्रदेश) से सस्ते दामों पर खरीदते थे। वे नीमच से कुकड़ेश्वर, रामपुरा, गांधीसागर और रावतभाटा होते हुए कोटा पहुँचते थे और यहाँ से ट्रेन के जरिए जयपुर जाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। आरोपियों ने बताया कि वे हर 8-10 दिन में एक बार इस तरह की खेप लेकर निकलते थे।
मुखबिर की एक सूचना और ढेर हुआ तस्करों का प्लान
रेलवे कॉलोनी थानाधिकारी डॉ. पूनम के नेतृत्व में गठित टीम ने टीटीई विश्राम गृह के पास जाल बिछाकर इन दोनों को उस वक्त दबोचा जब वे जयपुर की ट्रेन पकड़ने की फिराक में थे। शाहरुख के पास से 18 किलो 550 ग्राम और सूरज के पास से 15 किलो नशा बरामद हुआ।

संवाददाता : सुरेश कुमार पटेरिया 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.