गर्मियों में उगाएं ये सब्जियों के पौधे, जानें सही खाद-पानी और देखभाल का तरीका
आजकल होम गार्डनिंग का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है, जहां लोग अपनी छत और बालकनी में ताजी सब्जियां उगा रहे हैं. गर्मियों का मौसम पौधों के लिए चुनौतीपूर्ण जरूर होता है, लेकिन सही देखभाल, उचित खाद और संतुलित पानी देने से आप आसानी से अच्छी फसल पा सकते हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर सही समय पर सही पौधे लगाए जाएं तो गर्मियों में भी भरपूर सब्जियां उगाई जा सकती हैं.
गर्मियों में उगाने के लिए बेस्ट सब्जियां
गर्मियों की शुरुआत में कुछ बेल वाली सब्जियां उगाना बेहद फायदेमंद होता है. इनमें करेला, लौकी, तोरी और भिंडी प्रमुख हैं. करेला लगाने का सही समय फरवरी से मार्च होता है. इसकी बेल तेजी से बढ़ती है और कम समय में फल देने लगती है. वहीं लौकी भी फरवरी से अप्रैल के बीच आसानी से उगाई जा सकती है और लगभग 40-50 दिनों में तैयार हो जाती है.

तोरी भी गर्मियों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जिसे मार्च-अप्रैल में बोया जाता है और 45-60 दिनों में सब्जी मिलने लगती है. भिंडी, जो हर घर की पसंदीदा सब्जी है, इसे भी फरवरी-मार्च में बोना सही रहता है और 35-45 दिनों में इसकी तुड़ाई शुरू हो जाती है.
मिट्टी और खाद का सही चुनाव
किसी भी पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए सही मिट्टी और खाद बेहद जरूरी होती है. पौधों के लिए भुरभुरी और जल निकासी वाली मिट्टी का इस्तेमाल करना चाहिए. इसमें गोबर की खाद या अन्य जैविक खाद मिलाने से पौधे तेजी से बढ़ते हैं. बीज बोने से पहले उन्हें 8-12 घंटे तक भिगोना बेहतर होता है, जिससे अंकुरण जल्दी होता है.
पानी और देखभाल के जरूरी टिप्स
गर्मियों में पौधों को जरूरत के अनुसार ही पानी देना चाहिए. मिट्टी सूखने पर ही पानी दें, अधिक पानी से पौधे खराब हो सकते हैं. पौधों को सहारा देने के लिए रस्सी या लकड़ी का उपयोग करें, खासकर बेल वाली सब्जियों के लिए.

एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि नर्सरी से लाए गए पौधों को तुरंत पानी या खाद न दें, बल्कि एक दिन का आराम दें. पत्तियां पीली होने पर उन्हें हटाना जरूरी है और कीड़ों से बचाव के लिए नीम का स्प्रे करना चाहिए.
अगर सही तरीके से देखभाल की जाए तो गर्मियों में भी आप अपने घर पर ताजी और पौष्टिक सब्जियां उगा सकते हैं. यह न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद है, बल्कि पर्यावरण को भी बेहतर बनाता है.

No Previous Comments found.