महरौनी के शिवम साहू की बुलंद आवाज़, सपनों को दे रहे नई उड़ान
ललितपुर : जिले के महरौनी निवासी युवा कलाकार शिवम साहू अपनी मधुर आवाज़ और कड़ी मेहनत के दम पर संगीत की दुनिया में पहचान बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। बचपन से ही सिंगिंग का शौक रखने वाले शिवम ने अपने जुनून को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। वर्तमान में शिवम हरिद्वार में पतंजलि वेलनेस में आयुर्वेदिक पंचकर्म सेवा देते हुए भी अपने संगीत के सपने को जीवित रखे हुए हैं। साथियों की प्रेरणा से उन्होंने सिंगिंग ऑडिशन देना शुरू किया, जहां उनकी आवाज़ को काफी सराहा गया। शिवम साहू ने बड़े मंच पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वे देश के चर्चित रियलिटी शो Indian Idol में ऑडिशन देकर मुंबई के मंच तक पहुंच चुके हैं, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। संगीत के प्रति उनके समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल “Shivam Music India” भी शुरू किया है, जहां वे भजन और अन्य गीत प्रस्तुत करते हैं। इसके साथ ही वे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय हैं, जहां उनके भजनों को श्रोताओं का अच्छा प्यार मिल रहा है। शिवम लाइव शो और भजन कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों से जुड़ते हैं और अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। उनका सपना है कि वे एक आदर्श कलाकार बनकर देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाएं और संगीत की दुनिया में छा जाएं। शिवम साहू की यह यात्रा न केवल उनके जुनून की मिसाल है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।
रिपोर्टर : ऋषि तिवारी


No Previous Comments found.