बिरधा विकास खण्ड मुख्यालय में लगा वाटर कूलर बना शोपीस
ललितपुर : बिरधा विकास खण्ड मुख्यालय परिसर में लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया वाटर कूलर महज कुछ ही दिनों में शोपीस बनकर रह गया है। जानकारी के अनुसार, वाटर कूलर लगाए अभी दो हफ्ते भी पूरे नहीं हुए थे कि उसने काम करना बंद कर दिया।
विकास खण्ड मुख्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, कर्मचारी और फरियादी अपने कार्यों से पहुंचते हैं। भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन की ओर से वाटर कूलर लगाया गया था, लेकिन शुरुआती दिनों के बाद ही मशीन खराब हो गई। वर्तमान में वाटर कूलर से न तो ठंडा पानी मिल रहा है और न ही सामान्य पेयजल की व्यवस्था ठीक ढंग से हो पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए उपकरणों का रखरखाव सही तरीके से नहीं किया जाता, जिसके चलते नई मशीनें भी जल्द खराब हो जाती हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से वाटर कूलर को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है, ताकि मुख्यालय आने वाले लोगों को गर्मी में राहत मिल सके।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो यह वाटर कूलर भी अन्य खराब पड़ी सरकारी सुविधाओं की तरह केवल दिखावा बनकर रह जाएगा।
संवाददाता : जितेन्द्र सिंह पवाँर

No Previous Comments found.