पटौवा के पास NH-44 पर भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्री की मौत, महिला गंभीर घायल
ललितपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर पटौवा के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और करीब 40 मिनट तक राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पिता और पुत्री ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं घायल महिला को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल ललितपुर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों और वाहनों की लंबी कतार के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 40 मिनट तक जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पाली पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
बाद में घटना की जानकारी मिलने पर बिरधा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कराई तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : जीतेन्द्र
No Previous Comments found.