रक्षाबंधन को लेकर बालूमाथ बाजार में रही चहल-पहल
बालूमाथ : रक्षाबंधन पर्व को लेकर गुरुवार को बालूमाथ बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। पर्व को लेकर बाजार में राखी, मिठाई, कपड़े और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। बहनों ने अपने भाइयों के लिए विभिन्न डिजाइन और आकर्षक राखियों की जमकर खरीदारी की। रक्षाबंधन को लेकर बहनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हिंदू धर्मावलंबियों के अनुसार यह पर्व सावन पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाता है। इस वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं। वहीं, भाई भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं। रक्षाबंधन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। पर्व को लेकर बाजार में दुकानदारों ने भी आकर्षक ढंग से राखी की दुकानें सजाई हैं।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.