लातेहार में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन, युवाओं और खेल प्रतिभाओं ने रखे विचार

लातेहार : बनवारी साहू महाविद्यालय के सभागार में गुरुवार को NSS एवं मेरा युवा भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘खेलो इंडिया संवाद’ के तहत प्रधानमंत्री का लाइव वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रधानमंत्री ने लाइव जुड़कर NSS स्वयंसेवकों, MY Bharat स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद किया।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद महाविद्यालय में स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित हुआ। इसका संचालन NSS स्वयंसेवक आयुष चौधरी ने किया। संवाद में खेल संरचनाओं के विकास, जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं की उपलब्धता, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में लातेहार जिले की खेल प्रतिभाओं को Youth एवं खेल Icon के रूप में आमंत्रित किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं बैडमिंटन में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके दुर्गा दत्त साहू, पैरा एथलीट छोटू सिंह, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी धनिता कुमारी, राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका कुमारी, राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर सिल्वर मेडल जीतने वाली रूपा कुमारी तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी अनित उरांव प्रमुख रूप से शामिल रहे।

मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यक्रमों से छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करेंगे। विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में लातेहार के खिलाड़ी ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, महाविद्यालय सचिव अंजू गुप्ता, शिक्षाविद सदस्य बंसी यादव, MY Bharat की जिला युवा अधिकारी कंचन कुमारी, NSS जिला नोडल पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद एवं प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार पांडेय ने खिलाड़ियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सचिव अंजू गुप्ता ने जिला परिषद अध्यक्ष को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के समापन से पूर्व NSS टीम लीडर आयुष चौधरी ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। NSS जिला नोडल पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि महाविद्यालय के लिए यह गौरव की बात है कि इतना महत्वपूर्ण आयोजन यहां हुआ। उन्होंने अतिथियों, शिक्षाकर्मियों, कर्मचारियों, जिला युवा अधिकारी कंचन कुमारी तथा NSS स्वयंसेवकों देवेन्द्र सिंह, बबली सिंह और अनुप्रिया कुमारी, रानी कुमारी सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.