चतरा को मिली बड़ी रेल सौगात: धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू
लातेहार : चतरा संसदीय क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित रेल सेवा अब हकीकत बन गई है। धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13379/13380) का नियमित संचालन शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
इस उपलब्धि का श्रेय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश सचिव मुरली प्रसाद को दिया जा रहा है, जिन्होंने इस ट्रेन के नियमित संचालन के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और चतरा सांसद कालीचरण सिंह से लिखित आग्रह कर इस मांग को प्रमुखता से उठाया था।
बताया जाता है कि चतरा और आसपास के क्षेत्रों के लोग लंबे समय से मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। रोजगार, शिक्षा और इलाज के लिए मुंबई जाने वाले यात्रियों को पहले काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस ट्रेन के शुरू होने से उनकी यात्रा न सिर्फ आसान होगी, बल्कि समय और खर्च दोनों की बचत भी होगी।
इस फैसले से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
अब चतरा से मुंबई तक सीधी रेल सुविधा मिलने से क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्टर : बब्लू खान


No Previous Comments found.