बारियातू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार फरार आरोपी गिरफ्तार
बालूमाथ : बारियातू पुलिस ने चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र एवं बालूभांग इलाके में छापेमारी कर सोमवार को एनडीपीएस एक्ट और अवैध अफीम खेती से जुड़े चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने जानकारी देते हुए बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के फरार अभियुक्त अपने-अपने घरों में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद र'वानी के नेतृत्व में दो अलग-अलग छापेमारी टीमों का गठन किया गया। पहली टीम ने चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत बांदू गांव में छापेमारी कर थाना कांड संख्या 20/25 के फरार अभियुक्त रूपलाल यादव और राकेश साव उर्फ राकेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इसके बाद दूसरी टीम ने बालूभांग के जावाबार गांव स्थित लेबराही टोला में छापेमारी कर थाना कांड संख्या 20/25 के आरोपी शंकर तुरी तथा बारियातु थाना कांड संख्या 77/24 में अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती के आरोप में फरार चल रहे फुलेश्वर गंझु उर्फ फुलदेव गंझू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया। थाना प्रभारी पासवान ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके। इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक अनुप कुमार, जितेंद्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक छोटू पण्डा सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज


No Previous Comments found.