बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्ला बोल, आज लातेहार में जोरदार धरना-प्रदर्शन
लातेहार - राज्य में बढ़ते बिजली-पानी संकट और कथित कुशासन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिला अध्यक्ष वंशी यादव के नेतृत्व में 6 मई 2026 को जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय गेट के पास जोरदार आक्रोश प्रदर्शन एवं धरना का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस आंदोलन को खास बनाने के लिए हटिया के विधायक नवीन जायसवाल और भाजपा झारखंड प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। पार्टी ने जिले के सभी सांसद,विधायक,पूर्व पदाधिकारी,जिला परिषद सदस्य,नगर पंचायत प्रतिनिधि,वार्ड पार्षद,मोर्चा अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। सभी मंडल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से ‘पानी संकट’ से जुड़े आवेदन लाने को कहा गया है, ताकि आम जनता की समस्याओं को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जा सके। मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों को लेकर निर्धारित समय पर लातेहार पहुंचें।
भाजपा ने नारे के जरिए सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा है— “बिजली-पानी दे न सके जो, वो सरकार निकम्मी है; जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है!”जिला महामंत्री छोटू राजा द्वारा जारी इस आह्वान के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
रिपोर्टर - बब्लू खान


No Previous Comments found.