दहेज मुक्त झारखंड का संगठन विस्तार: मोहम्मद अशफाक आलम गुमला जिला अध्यक्ष,रफत जहां व रामदयाल यादव बने प्रखंड अध्यक्ष

लातेहार/गुमला : सामाजिक कुरीति दहेज प्रथा के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रहे संगठन दहेज मुक्त झारखंड ने संगठन विस्तार करते हुए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंधु मिश्रा ने गुमला जिले के सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अशफाक आलम को गुमला जिला अध्यक्ष, लातेहार जिले के महुआडांड़ की रफत जहां को प्रखंड अध्यक्ष तथा गारू प्रखंड के रामदयाल यादव को प्रखंड अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है।

नियुक्ति की घोषणा के बाद संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक लोगों में खुशी का माहौल है। नवमनोनीत पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दहेज प्रथा के खिलाफ गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

समाजसेवी लोगों को जिम्मेदारी दिए जाने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी - राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंधु मिश्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंधु मिश्रा ने कहा कि दहेज प्रथा समाज के लिए एक अभिशाप है। इसे समाप्त करने के लिए संगठन लगातार जनजागरण अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद अशफाक आलम, रफत जहां और रामदयाल यादव जैसे सक्रिय एवं समाजसेवी लोगों को जिम्मेदारी दिए जाने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और दहेज मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में अभियान और प्रभावी होगा।

दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूक किया जाएगा - मोहम्मद अशफाक आलम

नवनियुक्त गुमला जिला अध्यक्ष मोहम्मद अशफाक आलम ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में संगठन को मजबूत बनाते हुए युवाओं, अभिभावकों और समाज के प्रबुद्ध लोगों को दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।

समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य करेंगी - रफत जहां

महुआडांड़ प्रखंड अध्यक्ष बनीं रफत जहां ने कहा कि दहेज जैसी कुरीति महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर चोट करती है। वह महिलाओं और युवतियों को जागरूक करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य करेंगी।

संगठन के माध्यम से लोगों को दहेज मुक्त विवाह के लिए प्रेरित किया जाएगा - रामदयाल यादव

गारू प्रखंड अध्यक्ष रामदयाल यादव ने कहा कि दहेज प्रथा के कारण कई परिवार आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करते हैं। संगठन के माध्यम से लोगों को दहेज मुक्त विवाह के लिए प्रेरित किया जाएगा और सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

संगठन समाज से दहेज जैसी बुराई को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है- बब्लू खान प्रदेश अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष 

दहेज मुक्त झारखंड के प्रदेश अल्पसंख्यक उपाध्यक्ष बबलू खान ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन समाज से दहेज जैसी बुराई को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

संगठन लगातार सामाजिक सुधार की दिशा में कार्य कर रहा है- अधिवक्ता अस्मिता एक्का

लातेहार जिला अध्यक्ष अधिवक्ता अस्मिता एक्का ने भी नवमनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन लगातार सामाजिक सुधार की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दहेज उन्मूलन अभियान को नई गति देंगे और समाज को सकारात्मक संदेश देंगे।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में दहेज मुक्त झारखंड द्वारा विभिन्न जिलों एवं प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठी तथा दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.