पशु चोरों के पीछे दौड़े ग्रामीण, एक बकरा और अपाची बाइक छोड़ भागे आरोपी; गुस्साए लोगों ने बाइक फूंकी

लातेहार :  चंदवा थाना क्षेत्र के आन एवं चेटर गांव के ग्रामीण इन दिनों लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से क्षेत्र में बाइक, गाय-बैल और बकरियों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।ग्रामीणों के अनुसार बीती रात दो बाइक पर सवार कुछ पशु चोर आन गांव पहुंचे और वहां से दो बकरों की चोरी कर फरार होने लगे। इसी दौरान गांव के लोगों को घटना की जानकारी मिल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण चोरों के पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीणों का पीछा तेज होता देख आरोपी एक बकरा और अपनी बिना नंबर प्लेट वाली अपाची बाइक मौके पर छोड़कर दूसरे बाइक से एक बकरा लेकर भागने में सफल रहे।घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज लोगों ने छोड़ी गई अपाची बाइक को आग के हवाले कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं की शिकायत कई बार पुलिस और संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है और ग्रामीण स्वयं गांव की निगरानी करने को मजबूर हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस द्वारा मामले की जांच, फरार आरोपियों की पहचान तथा जली हुई बाइक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.