राजस्व अभिलेखों की त्रुटियों पर भाजपा का विरोध, सुधार की मांग को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

लातेहार : भारतीय जनता पार्टी लातेहार के जिला अध्यक्ष वंशी यादव के नेतृत्व में मंगलवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर जिले के सातों अंचलों में राजस्व अभिलेखों में पाई गई गंभीर त्रुटियों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने हाल सर्वे के दौरान हुई गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि लातेहार जिले के बालूमाथ, बरवाडीह, महुआडांड़, चंदवा, मनिका, गारू और लातेहार अंचल में तैयार किए गए राजस्व अभिलेखों एवं हाल खतियान में व्यापक त्रुटियां पाई गई हैं। इन त्रुटियों के कारण हजारों ग्रामीणों को भूमि संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में असंतोष और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

भाजपा नेताओं ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों द्वारा समय-समय पर संबंधित कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन और आंदोलन भी किए गए हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी उल्लेख किया कि यह मुद्दा झारखंड विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद सरकार ने 31 अक्टूबर 2019 को पुनः सर्वे कराने का निर्देश जारी किया था, लेकिन सात वर्ष बीत जाने के बाद भी उस अधिसूचना के अनुरूप कोई ठोस कार्रवाई धरातल पर नहीं दिखाई दे रही है।भाजपा जिला अध्यक्ष वंशी यादव ने कहा कि भूमि और राजस्व अभिलेख ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज होते हैं। इनमें हुई त्रुटियों के कारण लोगों को अपनी जमीन पर अधिकार साबित करने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि त्रुटिपूर्ण हाल खतियान और राजस्व अभिलेखों की जांच कर शीघ्र सुधार की प्रक्रिया शुरू की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय जनता पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक हरीकृष्ण सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला महामंत्री अमलेश कुमार सिंह, जिला महामंत्री छोटू राजा, जिला मंत्री ध्रुव कुमार पाण्डेय, भाजपा नेता एवं अधिवक्ता राजीव रंजन पाण्डेय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.