गांव-गांव पहुंच रही नवाचार की अलख: हेडपोचरा में इंटर्न टीम ने ग्रामीणों से जाना विकास और नवाचार का नजरिया

लातेहार : झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत मंगलवार को ग्राम हेडपोचरा में नवाचार एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान इंटर्न टीम ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनके विचार, अनुभव और स्थानीय स्तर पर मौजूद नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

टीम लीडर अनुप्रिया कुमारी के नेतृत्व में इंटर्न रानी कुमारी, नेहा कुमारी एवं प्रीति कुमारी ने गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों के साथ बैठक कर नवाचार संस्कृति, स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा ग्रामीण जीवन में उपयोगी पारंपरिक ज्ञान पर चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न सामाजिक, आर्थिक एवं कृषि संबंधी विषयों पर अपने सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद नवाचारों की पहचान करना, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा विकास की नई संभावनाओं को सामने लाना था। इंटर्न टीम ने ग्रामीणों से संवाद कर उनके विचारों को संकलित किया और विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
बनवारी साहू महाविद्यालय, लातेहार के मेंटर नवल किशोर प्रसाद ने कहा कि झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत उनकी टीम लगातार गांवों का भ्रमण कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा और नवाचार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें पहचान कर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी टीम इस अभियान के माध्यम से बेहतर कार्य करेगी और ग्रामीण नवाचारों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से गांव की समस्याओं और संभावनाओं को समझने का अवसर मिलता है तथा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे रचनात्मक कार्यों को पहचान मिलती है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और टीम के साथ अपने विचार साझा किए।
झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत चल रहे इस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने और स्थानीय ज्ञान को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.