चंदवा–लुकिया मोड़–चापी–लोहरदगा मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग

लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) युवा जिला समिति, लातेहार के जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी ने उपायुक्त लातेहार को ज्ञापन सौंपकर चंदवा–लुकिया मोड़–चापी–लोहरदगा मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील और दुर्घटना संभावित है, जहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि चंदवा–लुकिया मोड़–चापी–लोहरदगा मार्ग कई स्थानों पर पहाड़ी, संकरा, घुमावदार तथा तीव्र चढ़ाई और ढलान वाला है। विशेषकर लोहरदगा की ओर से आने वाले भारी वाहन ढलान के दौरान कई बार संतुलन खो देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इस मार्ग पर यात्री वाहन, दोपहिया वाहन, स्कूली बच्चे और स्थानीय ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं, जिनकी सुरक्षा लगातार खतरे में बनी रहती है।अंकित तिवारी ने कहा कि कई भारी वाहन चालक कुछ किलोमीटर की दूरी और समय बचाने के उद्देश्य से इस मार्ग का उपयोग करते हैं, जबकि चंदवा–कुड़ू–लोहरदगा मार्ग अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित, चौड़ा और सुगम है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों के दौरान इस सड़क पर अनेक छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई लोगों की जान गई है तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।झामुमो युवा जिला समिति ने प्रशासन से मांग की है कि हाइवा, ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन तत्काल प्रभाव से इस मार्ग पर बंद कर वैकल्पिक रूप से चंदवा–कुड़ू–लोहरदगा मार्ग से संचालित कराया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, गति सीमा संकेतक, क्रैश बैरियर और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। नियमित जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा विशेषज्ञों द्वारा मार्ग का तकनीकी सर्वेक्षण कर दीर्घकालिक सुरक्षा उपाय किए जाएं।उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन आम जनता के जीवन और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस गंभीर विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की घटनाओं में कमी आएगी और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.