लातेहार से 75 अज़ीमुल-ख़ुशकिस्मत ज़ायरीन उमराह के लिए रवाना, स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब

लातेहार : रज़ा टूर्स ऑफ इंडिया के ज़रिये खिदमते इंसानियत ट्रस्ट, जिला लातेहार के जेरे एहतमाम 75 ज़ायरीन का काफिला उमराह एवं ज़ियारते हरमैन शरीफैन के लिए शुक्रवार, 10 जुलाई को लातेहार रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। काफिले की रवानगी के अवसर पर स्टेशन पर हजारों की तादाद में लोग मौजूद रहे। परिजनों, दोस्तों और शहरवासियों ने नम आँखों के साथ ज़ायरीन को मुबारकबाद दी और दुआओं के साथ अलविदा किया। पूरा स्टेशन भावुक माहौल और दुआओं से गूंज उठा।

बताया गया कि इस पूरे काफिले की क़ियादत कारी इरफान रज़ा जियाई साहब कर रहे हैं। वे सफर के दौरान ज़ायरीन की हर कदम पर सही रहनुमाई करेंगे तथा मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा में उमराह और ज़ियारते हरमैन शरीफैन के तमाम अरकान एवं मुक़द्दस मुक़ामात की सही तरीके से ज़ियारत करवाएंगे।
इस अवसर पर मुफ्ती मुदस्सिर अमजदी साहब ने तमाम ज़ायरीन के लिए ख़ास दुआ करते हुए अल्लाह तआला से उनकी यात्रा को आसान, मक़बूल और ख़ैर-ओ-आफ़ियत वाली बनाने की दुआ की। उन्होंने कहा कि अल्लाह तआला सभी ज़ायरीन के उमराह को अपनी बारगाह में क़बूल फ़रमाए, उन्हें मुकम्मल सुकून और बरकत अता करे तथा सलामती के साथ अपने वतन वापस लौटाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उलेमा-ए-किराम, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक तथा ज़ायरीन के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे से मुलाक़ात कर ज़ायरीन के लिए नेक तमन्नाओं का इज़हार किया और उनसे अपने हक़ में भी दुआ की दरख़्वास्त की। मौके पर शफीक मियां जैनुल मियां आमिर हुसैन नन्हू मिया अल्ताफ राजा ऐनुल  मियां  अयूब अंसारी गफूर अंसारी समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.