टोरी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर कल आजसू का एकदिवसीय धरना, लोगों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
लातेहार : टोरी रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को आजसू पार्टी, लातेहार के तत्वावधान में टोरी में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। पार्टी ने इस आंदोलन को क्षेत्र की वर्षों पुरानी और जनहित से जुड़ी मांग बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। आजसू नेताओं ने कहा कि टोरी रेलवे फाटक पर लगातार लगने वाले जाम और आवागमन में होने वाली परेशानियों से आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा व्यापारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता बन गया है। पार्टी ने चंदवा प्रखंड के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में धरना-प्रदर्शन में भाग लेकर इसे सफल बनाएं, ताकि टोरी रेलवे ओवरब्रिज की मांग सरकार तक मजबूती से पहुंच सके। आजसू पार्टी ने विश्वास जताया कि जनसमर्थन के बल पर यह आंदोलन सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करेगा तथा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा कराने की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।
रिपोर्टर : बब्लू
No Previous Comments found.