उग्रवादी संगठन के लिए लेवी वसूलने पहुंचे दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद
बालूमाथ : बालूमाथ पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के लिए लेवी वसूलने और क्षेत्र में दहशत फैलाने की योजना बना रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों के पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा बिना नंबर की अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा की ओर से लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति बालूमाथ की ओर आ रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। मकईयाटांड पुलिस पिकेट के समीप बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की गई। देर रात करीब 8:48 बजे चंदवा की ओर से आ रही संदिग्ध अपाची बाइक को रोकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन छापेमारी दल ने दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पेशरार थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी संजय सिंह उर्फ डिम्पू उर्फ भीम सिंह तथा कुडू थाना क्षेत्र के सिंदूर निवासी शहजाद अंसारी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान शहजाद अंसारी के पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल और एक मोबाइल फोन, जबकि संजय सिंह के पास से एक मोबाइल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बिना नंबर की अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के कमांडर बादल जी उर्फ पवन जी के निर्देश पर बालूमाथ एवं बरियातू थाना क्षेत्र में विकास कार्यों में लगे ठेकेदारों से लेवी वसूलने तथा भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से आए थे। इस मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 89/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट एवं सीएलए एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मंडल कारा, लातेहार भेज दिया गया। छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश कुमार सिंह, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, अभिमन्यु कुमार, ददन प्रधान तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार शहजाद अंसारी के विरुद्ध चान्हो, हिंदपीढ़ी, रातू और सिमडेगा थानों में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं संजय सिंह के खिलाफ लोहरदगा थाना में भी एक मामला दर्ज है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.