तीन माह में ही दरकने लगी 1.550 किमी लंबी मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की पीसीसी सड़क, गुणवत्ता पर उठे सवाल
गारू : मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गारू प्रखंड की बारेसांढ़ पंचायत में कुजरूम मोड़ से यादव मोड़ तक 1.550 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के महज तीन महीने बाद ही सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं, जबकि सड़क के किनारे मिट्टी धंसने से गड्ढे बनने लगे हैं। इससे सड़क के जल्द ही और अधिक क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि नई सड़क बनने से आवागमन सुगम होने की उम्मीद थी, लेकिन अल्प समय में ही सड़क की खराब स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है। उन्होंने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने तथा दोषी संवेदक और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि योजना स्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड में प्राक्कलित (स्वीकृत) राशि का उल्लेख नहीं किया गया है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए योजना की लागत, निर्माण एजेंसी, कार्य अवधि और अन्य आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए, लेकिन इस योजना में ऐसा नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता की जांचकर आवश्यक मरम्मत कराने तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.