मगध परियोजना के नए परियोजना पदाधिकारी बने सुधीर कुमार सिन्हा, संभाला पदभार

बालूमाथ :  सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मगध-संघमित्रा क्षेत्र अंतर्गत मगध परियोजना को नए परियोजना पदाधिकारी मिल गए हैं। सीसीएल मुख्यालय, रांची के दरभंगा हाउस से जारी तबादला आदेश के तहत सुधीर कुमार सिन्हा ने मगध परियोजना कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। बताया गया कि इससे पूर्व परियोजना पदाधिकारी रहे सुबोध कुमार सिंह का महज तीन माह के भीतर स्थानांतरण कर दिया गया। पदभार संभालने के बाद सुधीर कुमार सिन्हा ने परियोजना कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचयात्मक मुलाकात की तथा परियोजना की कार्यप्रणाली, उत्पादन, डिस्पैच और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में नए परियोजना पदाधिकारी ने कहा कि मगध परियोजना देश की महत्वपूर्ण कोयला परियोजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि निर्धारित उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के साथ-साथ खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से ही परियोजना नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। इस अवसर पर सीसीएल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, अधिकारी एवं परियोजना कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नए परियोजना पदाधिकारी को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.