जर्जर कच्चा मकान गिरने के बाद सद्दाम अंसारी ने लगाई आवास योजना की गुहार

लातेहार : बरवाडीह प्रखंड की बेतला पंचायत अंतर्गत ग्राम पोखरी खुर्द निवासी सद्दाम अंसारी (पिता– मोहर्रम मियां) ने जर्जर कच्चा मकान गिर जाने के बाद प्रशासन से आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। उन्होंने लातेहार के उप विकास आयुक्त (डीडीसी), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन देकर शीघ्र सहायता की गुहार लगाई है।आवेदन के अनुसार, 3 अगस्त की शाम लगभग 5:30 बजे उनका मिट्टी एवं खपड़ैल से बना कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में घर के अंदर रखा गैस चूल्हा, पलंग, कंबल, कपड़े, राशन, चावल, आटा, दाल सहित अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सद्दाम अंसारी ने बताया कि उन्हें आज तक किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में कई संपन्न लोगों को आवास योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि उनका परिवार अब तक इससे वंचित है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार अत्यंत गरीब है और घर में वे ही अकेले कमाने वाले सदस्य हैं। परिवार में पत्नी और दो बच्चों सहित कुल चार सदस्य हैं।उन्होंने बताया कि वर्तमान में रहने योग्य घर नहीं बचा है और परिवार तिरपाल के सहारे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। बरवाडीह प्रखंड कार्यालय में डीडीसी के आगमन के दौरान भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से आवेदन सौंपकर प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर आवास उपलब्ध कराने तथा आवश्यक राहत सहायता देने की अपील की है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.