माननीय विधायक रामचन्द्र सिंह ने किया परसही में कृषक पाठशाला सह समेकित बिरसा ग्राम योजना का शिलान्यास
लातेहार : सदर प्रखंड के परसही पंचायत अंतर्गत परसही गांव में मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तत्वावधान में कृषक पाठशाला योजना सह समेकित बिरसा ग्राम योजना का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर विधायक रामचन्द्र सिंह ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में कृषक पाठशाला की शुरुआत एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसानों को कृषि एवं पशुपालन से संबंधित आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और आवश्यक जानकारी स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे किसान खेती और पशुपालन को बेहतर तरीके से कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक प्रखंड में इस तरह की कृषक पाठशाला शुरू करने की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि किसानों को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके।
जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि परसही में प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से स्थानीय किसानों को प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और आने-जाने में होने वाला खर्च दोनों बचेंगे। परसही पंचायत की मुखिया अनीता देवी ने कहा कि विधायक रामचन्द्र सिंह की पहल से पंचायतवासियों को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है। उन्होंने पंचायत के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कृषि मंत्री और विधायक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब किसानों को कृषि एवं पशुपालन का प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव ने कहा कि यह पंचायत और प्रखंड के लिए गर्व की बात है। अब किसान यहां प्रशिक्षण लेकर आधुनिक तकनीक और नई पद्धतियों के माध्यम से खेती एवं पशुपालन कर सकेंगे।
प्रमुख परशुराम लोहरा ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। इस तरह की कृषक पाठशालाएं जिले की प्रत्येक पंचायत में खोली जानी चाहिए, ताकि किसानों को नई तकनीक और आधुनिक पद्धतियों से खेती करने का अवसर मिल सके। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि आज भी बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को नई तकनीक और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देना जरूरी है, ताकि खेती और पशुपालन केवल परंपरागत तरीके तक सीमित न रहे, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बने। पंचायत समिति सदस्य रीता देवी ने सभी किसानों से कृषक पाठशाला में नियमित रूप से प्रशिक्षण लेने की अपील की। वहीं पूर्व जिला परिषद सदस्य रामदेव सिंह ने कहा कि परसही में इस प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों को काफी लाभ मिलेगा और उन्हें प्रशिक्षण के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बीरबल उरांव,प्रखंड अध्यक्ष मोती उरांव,सकलदीप उरांव,अख्तर हुसैन,विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह, सुनील प्रसाद,अरुण यादव,ज्योति प्रकाश दुबे,मनोज पासवान, फूलचंद यादव, हसमद अंसारी, वाजिद अंसारी, रौशन कुमार, सोनू यादव, साजिद अंसारी, धनंजय यादव, रंजय, सोहेल अंसारी, पंकज उरांव, मुनिप यादव, उपेंद्र पासवान, कुलदीप, चंदेश्वर यादव, बिंदेश्वर यादव, गुड्डू दुबे, नागेश्वर यादव, फिरु दुबे, दानिश, अक्षय, दीपक सहित सैकड़ों किसान, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.