हाइवा का हाइड्रोलिक उठाते ही 11 हजार वोल्ट तार से टकराया वाहन, करंट लगने से चालक की मौत

बालूमाथ :  बालूमाथ-मुरपा मुख्य मार्ग स्थित साहू पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आने से हाइवा चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बारियातू थाना क्षेत्र के रहिया चेडरा गांव निवासी सुदेश यादव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुदेश यादव हाइवा वाहन का हाइड्रोलिक उठाकर वाहन में कुछ काम करवा रहा था। इसी दौरान हाइवा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही पूरे वाहन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे सुदेश गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल चालक को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम पसर गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्टर : मोहम्मद अरबाज़ 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.