“RTI ने खोली लातेहार नगर पंचायत की फाइलें,खरीद से भुगतान तक मांगे दस्तावेज

लातेहार - नगर पंचायत लातेहार की कार्यप्रणाली और विभिन्न मदों में किए जा रहे कार्यों एवं भुगतान को लेकर सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत अधिवक्ता विवेक कुमार गुप्ता और अजय कुमार यादव ने जन सूचना पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी को अलग-अलग आवेदन देकर विस्तृत जानकारी मांगी है। आवेदकों ने संबंधित अभिलेखों और दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। अजय कुमार यादव ने 1 मार्च 2026 से आवेदन की तिथि तक नगर पंचायत में कार्यरत पुरुष एवं महिला मजदूरों की कुल संख्या, उनकी तैनाती, कार्यस्थल, कार्य का प्रकार और कार्य अवधि की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही मजदूरों की तैनाती एवं वितरण रजिस्टर, उपस्थिति पंजी, कार्यस्थल तथा कार्य आवंटन से संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी गई हैं।

वहीं,1 जनवरी 2026 से आवेदन की तिथि तक नगर पंचायत द्वारा वाउचर के माध्यम से की गई सभी प्रत्यक्ष खरीद का पूरा विवरण मांगा गया है। इसमें वाउचर संख्या एवं तिथि,खरीदी गई सामग्री,मात्रा,मूल्य,आपूर्तिकर्ता का नाम-पता और भुगतान की तिथि सहित संबंधित वाउचर,बिल,कैश मेमो एवं अन्य दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां शामिल हैं। अधिवक्ता विवेक कुमार गुप्ता ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी मांगी है। आवेदन में आवश्यक दस्तावेजों की सूची,वर्तमान अधिसूचना,परिपत्र,दिशा-निर्देश एवं नियमावली की प्रमाणित प्रतियां मांगी गई हैं। अस्पताल अथवा घर पर जन्म-मृत्यु तथा विलंबित पंजीकरण की स्थिति में आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण पत्र जारी करने की निर्धारित समय-सीमा की जानकारी भी मांगी गई है।

इसके अलावा 1 मार्च 2026 से आवेदन की तिथि तक होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, भवन नक्शा और पेयजलापूर्ति से संबंधित नगर पंचायत द्वारा जारी सभी नोटिसों का विवरण मांगा गया है। नोटिस संख्या, तिथि, संबंधित व्यक्ति या संस्था,पता,नोटिस का कारण और कार्रवाई की वर्तमान स्थिति के साथ सील किए गए दुकानों,मकानों एवं प्रतिष्ठानों तथा विच्छेदित पेयजल कनेक्शनों की जानकारी भी मांगी गई है। सील खोलने से संबंधित आदेश,पंचनामा,निरीक्षण प्रतिवेदन और अन्य अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी गई हैं। नगर पंचायत के आंतरिक राजस्व से वेतन,मानदेय,मजदूरी अथवा अन्य मद में भुगतान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों,अधिकारियों एवं मजदूरों की सूची भी मांगी गई है। इसमें नाम,पद,नियुक्ति का प्रकार,भुगतान की राशि और अवधि के साथ नियुक्ति,स्वीकृति,कार्यादेश एवं भुगतान से संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। वहीं,1 मार्च 2023 से अब तक खरीदी गई चापाकल सामग्री का भी पूरा हिसाब मांगा गया है। इसमें सामग्री का नाम,मात्रा,खरीद की तिथि,आपूर्तिकर्ता,मूल्य,उपयोग अथवा स्थापना स्थल,संबंधित योजना,स्टॉक रजिस्टर,वर्तमान उपलब्ध स्टॉक तथा निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन से संबंधित रिपोर्ट की प्रमाणित प्रतियां शामिल हैं। आवेदकों ने नगर पंचायत से आरटीआई अधिनियम के तहत निर्धारित समय-सीमा में सभी सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा यदि किसी सूचना की अतिरिक्त प्रतिलिपि के लिए शुल्क अथवा अन्य खर्च देय हो तो उसका स्पष्ट ब्यौरा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.