बोर्ड के फैसलों का अनुपालन नहीं होने पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष व पार्षदों में नाराजगी होल्डिंग टैक्स
लातेहार - नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन एवं वार्ड पार्षदों ने 22 अप्रैल 2026 को आयोजित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुपालन नहीं होने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में उन्होंने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।पत्र में कहा गया है कि बोर्ड की बैठक में नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, संभावित दुर्घटनाओं से बचाव तथा नगर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इसके बावजूद अधिकांश निर्णयों का अब तक अनुपालन नहीं हो सका है। उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारियों की कथित लापरवाही के कारण बोर्ड के निर्णय धरातल पर नहीं उतर पा रहे हैं।
वहीं,उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने होल्डिंग टैक्स,ट्रेड लाइसेंस एवं भवन नक्शा के नाम पर नगर पंचायत के कुछ कर्मियों द्वारा लोगों को परेशान करने, दबाव बनाने तथा धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि कई स्थानों पर लोगों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार भी किया गया है। उन्होंने इन आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एक अगस्त से टैक्स काउंटर बंद होने का आरोप
नगर पंचायत उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने बताया कि टैक्स जमा करने का काउंटर एक अगस्त से बंद है। वहीं, ऑनलाइन टैक्स भुगतान के लिए नगर पंचायत का पोर्टल/वेबसाइट भी ठीक से काम नहीं कर रहा है। उनका आरोप है कि कार्यालय में राजस्व संग्रह से संबंधित कर्मचारी भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते हैं। ऐसी स्थिति में समय पर टैक्स जमा करना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है।उन्होंने कहा कि जब टैक्स जमा करने की व्यवस्था ही सुचारु नहीं है, तो समय पर भुगतान नहीं कर पाने के लिए आम लोगों को दोषी ठहराना, डराना-धमकाना अथवा अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा दोषी कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.