महुआडांड़ में चला सघन वाहन जांच अभियान, 16 वाहनों पर कार्रवाई, ₹66,500 जुर्माना वसूला
महुआडांड़/लातेहार : उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देश पर गुरुवार को महुआडांड़ अनुमंडल क्षेत्र में परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान टुटवा चौक, नेतरहाट तथा महुआडांड़ थाना के सामने बॉक्साइट ट्रकों सहित अन्य वाहनों की जांच की गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी लातेहार श्री उमेश मंडल, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ श्री सुलेमान मुंदरी, महुआडांड़ थाना प्रभारी एवं नेतरहाट थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई जांच में वाहनों के दस्तावेज, परिवहन नियमों एवं अन्य आवश्यक मानकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 62 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 16 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के तहत कुल 66,500 रुपये की राशि वसूल की गई। जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित नियमों का पालन करने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.