शमशान घाट तक सड़क नहीं, धान के खेत से शव ले जाने को मजबूर ग्रामीण
बालूमाथ : प्रखंड क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत अंतर्गत हुड़राताड़ ग्राम में शमशान घाट तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को एक महिला के शव को करीब एक किलोमीटर तक धान के खेत और कीचड़ भरे रास्ते से होकर शमशान घाट ले जाना पड़ा। वर्षों से चली आ रही इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार हुड़राताड़ गांव निवासी भागो देवी 55 वर्ष पति प्रभु उरांव की गंभीर बीमारी के कारण मौत हो गई। अंतिम संस्कार के लिए शव को शमशान घाट ले जाने की बारी आई तो ग्रामीणों के सामने रास्ते की समस्या खड़ी हो गई। शमशान घाट तक सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने धान के खेत से होकर करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर शव को शमशान घाट पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से शमशान घाट तक सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में पहल नहीं हुई। बारिश के मौसम में खेतों में पानी और कीचड़ के कारण आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अंतिम संस्कार के समय शव को खेत से होकर ले जाना ग्रामीणों के लिए बेहद परेशानी भरा होता है। ग्रामीणों ने कहा कि शमशान घाट तक सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव विकास के दावों पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने विधायक प्रकाश राम, सांसद कालीचरण सिंह और प्रशासन से शमशान घाट तक जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। मांग करने वाले में महेश राम, दीपक राम,संजय साव, हीरालाल कुमार साव, सोनू उरांव,विनोद उरांव, सुद्धू उरांव, झारी राम, तारा देवी, गोरिला देवी,द्वंति देवी, उसनि देवी,सलोनी देवी के नाम शामिल है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.