“सड़क पर तड़पता रहा 70 वर्षीय वृद्ध, आयुष कुमार ने दिखाई इंसानियत; बोलेरो से पहुंचाया अस्पताल”
लातेहार : बाजकुम रोड पर गुरुवार को एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 70 वर्षीय मंगल उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायल काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा और उसके परिजनों का पता नहीं चल सका। इसी दौरान वहां से गुजर रहे आयुष कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अपने बोलेरो वाहन से लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल की पहचान मंगल उरांव (70 वर्ष), निवासी हुंदरू, नावाडीह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगल उरांव बाजकुम रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोट आई है तथा दोनों में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।
घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले आयुष कुमार ने बताया कि वह अपनी बोलेरो से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर घायल अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से मंगल उरांव को अपने वाहन में बैठाया और सदर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।सदर अस्पताल में घायल का प्राथमिक उपचार चिकित्सक डॉ. अभिषेक कुमार ने किया। चिकित्सकों की देखरेख में घायल का इलाज किया जा रहा है।इधर, पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जर्जर सड़क बनी हादसों की वजह, बार-बार उठी सड़क मरम्मत की मांग
बाजकुम रोड की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क की मरम्मत और बेहतर निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ युवा समाजसेवी आयुष कुमार द्वारा भी आवाज उठाई जा चुकी है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।
रिपोर्टर : बब्लू खान

No Previous Comments found.