मकतब की तालीम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद : उलमा-ए-कराम

लातेहार - बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित गालिब कॉलोनी मस्जिद-ए-उमर के मकतब में छमाही परीक्षा के परिणाम को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रत्येक कक्षा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-5 विद्यार्थियों को छोटे-छोटे उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत मकतब की छात्रा फाइज़ा मुख्तार ने तिलावत-ए-कुरआन-ए-करीम से की. इसके बाद तहसीन मुश्ताक और जुवैरिया नवाब ने हम्द तथा मुबश्शिरा और नौशीन ने नात-ए-पाक पेश की। कार्यक्रम के दौरान उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब करीब साढ़े पांच वर्षीय छात्र ज़ोहैब ने नूरानी कायदा मुकम्मल किया। इस अवसर पर बालूमाथ के शहर काजी मुफ्ती उमर फारूक कासमी ने उसे अम्मा पारा की शुरुआत कराई और उसकी कामयाबी के लिए दुआ की। कम उम्र में नूरानी कायदा मुकम्मल करना उसके माता-पिता, शिक्षकों और मकतब के लिए खुशी का विषय रहा। इस अवसर पर शहर काजी मुफ्ती उमर फारूक कासमी ने कहा कि बच्चों की दीनी और अखलाकी तरबियत में मकतब की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से मकतब भेजने और उनकी तालीम पर विशेष ध्यान देने की अपील की। जामा मस्जिद के इमाम-ओ-खतीब मौलाना मजहर कासमी ने मकतब की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों की बुनियादी दीनी तालीम मजबूत होना जरूरी है। वहीं आइशा गर्ल्स एकेडमी के डायरेक्टर हजरत मौलाना वसीम अकरम नदवी ने तालीम और बच्चों की दीनी व अखलाकी तरबियत को समय की महत्वपूर्ण जरूरत बताया। कार्यक्रम में मौलाना मआज मजाहिरी, मकतब के जिम्मेदारान जनाब मजहर एवं हाफिज तल्हा साहब समेत बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे. इसके अलावा मकतब के शिक्षक मौलाना तौकीर आफंदी मजाहिरी, मौलाना तौफीक उमर नदवी तथा मस्जिद-ए-उमर के इमाम हाफिज एहतेशामुल हक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मकतब के शिक्षक मौलाना तौकीर आफंदी मजाहिरी ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित उलमा-ए-कराम, जिम्मेदारान और अभिभावकों का आभार जताया तथा बच्चों को लगातार मेहनत और तालीम से जुड़े रहने की नसीहत दी। अंत में हजरत मौलाना मआज साहब मजाहिरी की दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मकतब की ओर से टॉप-5 विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने की पहल को बच्चों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया गया। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने की भावना बढ़ने की उम्मीद है। इस मौके पर गर्ल्स हाइ स्कूल के शिक्षक अरशद शाहनवाज तथा मो० ओसामा, मो० इमरान, मो० अली हिमगिरी, मो० अली अन्य मौजूद थे।

रिपोर्टर - मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.