जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, विभिन्न प्रतियोगिताओं में रहे अव्वल

लातेहार :  निदेशालय, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा उपायुक्त, लातेहार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026 का सफल आयोजन किया गया। महोत्सव में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक लोक नृत्य एवं सामूहिक लोक गायन जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर समाहर्ता सलमान जाफर, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी अविनेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। मौके पर अपर समाहर्ता सलमान जाफर ने कहा कि युवा महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति और सामाजिक समरसता का उत्सव है। लातेहार के युवाओं ने अपनी प्रतिभा से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। ऐसे आयोजन युवाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा प्रदान करते हैं।

प्रतियोगिताओं के परिणाम में चित्रकला में अभिजीत कुमार ने प्रथम, धनिता कुमारी ने द्वितीय तथा आयुष कुमार शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में राजनंदिनी कुमारी प्रथम, नैन्सी कुमारी द्वितीय एवं रेशमी परवीन तृतीय स्थान पर रहीं। नुक्कड़ नाटक में शर्मिला कुमारी एंड ग्रुप ने प्रथम तथा लातेहार ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार सामूहिक लोक नृत्य में विनीता कुमारी एंड ग्रुप प्रथम, ग्रामीण ग्रुप पाण्डेयपुरा द्वितीय तथा अनीसा कुमारी एंड ग्रुप (एसटी हॉस्टल, लातेहार) तृतीय स्थान पर रहा। वहीं सामूहिक लोक गायन में अनीसा एंड ग्रुप ने प्रथम तथा स्वरांजलि संस्कृति संस्थान, लातेहार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत (MY Bharat), लातेहार के राष्ट्रीय स्वयंसेवकों, जिला खेल समन्वयक लक्षेश्वर मंडल, जिला पर्यटन विशेषज्ञ नरेंद्र कुमार, अंकित कुमार, विकास कुमार एवं आलोक कुमार का सराहनीय योगदान रहा। वहीं विद्यालयों के शिक्षक-जजों ने निष्पक्ष मूल्यांकन कर प्रतियोगिताओं को सफल बनाया। महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में लातेहार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.