राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को किया गया नमन, उपायुक्त ने दी पुष्पांजलि

लातेहार :  राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश की एकता एवं अखंडता के लिए उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। मौके पर उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन, उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व, साहस और दूरदर्शिता के बल पर देश की विभिन्न रियासतों को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सदैव याद किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। हम सभी को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे, सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और विकास के लिए एकता एवं आपसी सहयोग बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.