युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में बढ़ें : उपायुक्त

लातेहार :  जिले में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पॉलिटेक्निक कॉलेज, कुरा में TEJAS (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार एवं JIIDCO के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप और रोजगार सृजन के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त संदीप कुमार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रघुबर सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, JIIDCO रांची के पंकज कुमार एवं डीपीएम-जेएसएलपीएस सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं में नए विचारों और नवाचार की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनके विचारों को सफल व्यवसाय का रूप दिया जा सके।

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। स्थानीय संसाधनों और आवश्यकताओं के आधार पर व्यवसायिक विचार विकसित करें तथा नई तकनीकों को अपनाकर स्वरोजगार के साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, व्यवसायिक विचारों का विकास, नवाचार, वित्तीय सहायता, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बाजार से जुड़ाव एवं सरकार की विभिन्न सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और चुनौतियों पर भी अपने विचार साझा किए।

इस दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपने स्टार्टअप एवं नवाचार से जुड़े व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों और संबंधित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनके विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही प्रतिभागियों के सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।

कार्यशाला में अग्रणी जिला प्रबंधक, लातेहार, फोनपे के अधिकारियों, JIIDCO रांची के पंकज कुमार एवं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रघुबर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने उद्यमिता, स्थानीय उद्योगों के विकास, कौशल विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों, नवोन्मेषकों, कारीगरों एवं उभरते उद्यमियों को विशेषज्ञों और उद्यमिता से जुड़े संस्थानों के साथ जोड़ना रहा। इसके माध्यम से जिले में स्थानीय प्रतिभा, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया। मौके पर ईओडीबी मैनेजर, लातेहार कुणाल सहदेव, ईओडीबी मैनेजर, लोहरदगा अजित कुमार विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, कारीगर, युवा, विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.