मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने चंदवा के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

लातेहार : होम-टू-रोल विजिट कार्यक्रम के तहत झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने चंदवा प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और घर-घर जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

चंदवा प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर उपायुक्त संदीप कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय बालिका मध्य विद्यालय, चंदवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 328 तथा प्राथमिक विद्यालय, जमीरा स्थित मतदान केंद्र संख्या 347 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न घरों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं मतदाताओं से बातचीत की। उन्होंने लोगों से जानकारी ली कि उनका मतदाता पहचान पत्र (EPIC) बना है या नहीं। साथ ही यह भी पूछा कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म-6 उपलब्ध कराया गया है या नहीं तथा नए मतदाताओं का फॉर्म भरवाकर जमा कराने की प्रक्रिया पूरी की गई है अथवा नहीं।

उन्होंने निर्वाचन कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहे। उन्होंने मतदाताओं से भी निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी आवश्यक कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदवा चंदन प्रसाद, अंचल अधिकारी चंदवा सुमित झा सहित बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.