मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना से महिला समूहों और मत्स्यजीवी समिति को मिला लाभ

लातेहार : मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत लातेहार में महिला स्वयं सहायता समूहों एवं सहकारी समिति को कृषि यांत्रिकीकरण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। भूमि संरक्षण विभाग, झारखंड सरकार की ओर से संचालित इस योजना के तहत उपायुक्त संदीप कुमार ने लाभुक समूहों एवं समिति के बीच ट्रैक्टर और सहायक कृषि यंत्रों का वितरण किया।

इस योजना के तहत JSLPS से संबद्ध हेरहंज प्रखंड की शांति महिला सखी मंडल, कसमार की रोशनी महिला सखी मंडल तथा गारू प्रखंड की मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड को लाभान्वित किया गया।

योजना के अंतर्गत कुल 10 लाख रुपये के पैकेज में बड़े ट्रैक्टर पर 50 प्रतिशत तथा सहायक कृषि यंत्रों, जैसे रोटावेटर, कल्टीवेटर एवं केज व्हील पर 80 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। वहीं संपूर्ण पैकेज पर लाभुक समूहों एवं समिति को 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जा रहा है।

इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाया जा सकता है। इस पहल से महिला स्वयं सहायता समूहों एवं सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही कृषि कार्यों में लगने वाली लागत और श्रम में कमी आएगी तथा समूहों की आय में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना का उद्देश्य महिला समूहों एवं सहकारी समितियों को कृषि संसाधनों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है। यह पहल महिला सशक्तीकरण, सामूहिक उद्यमिता और कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम में आईटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.