जनजातीय गौरव रथ को उपायुक्त संदीप कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
लातेहार : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर से जनजातीय गौरव रथ रवाना किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार ने परियोजना निदेशक एवं अपर समाहर्ता के साथ संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
जनजातीय गौरव रथ जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न जनजातीय बहुल गांवों का भ्रमण करेगा। इस दौरान ग्रामीणों को जनजातीय समुदायों के उत्थान, उनके अधिकारों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
गौरतलब है कि जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा 1 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) सहित जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रथ के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री संदीप कुमार ने कहा कि जनजातीय समुदायों का सर्वांगीण विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जिले के लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
मौके पर आईटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज

No Previous Comments found.