आशियाना पुलिस ने शातिर चेन स्नेचर को दबोचा, चेन का टुकड़ा बरामद
लखनऊ- आशियाना पुलिस ने महिला के गले से चेन खींचने और युवती का मोबाइल छीनने के आरोपी शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से छीनी गई चेन का टुकड़ा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक पहला मामला 3 मार्च 2026 का है। सर्वोत्तम सिंह निवासी इंद्रलोक कॉलोनी, कृष्णानगर ने तहरीर दी थी कि एक बाइक सवार उनकी मां के गले से चेन खींचकर भाग गया था। इस पर थाना आशियाना में मुकदमा संख्या 59/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
दोस्त के साथ मिलकर युवती का मोबाइल भी छीना था, दूसरा आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है-
दूसरी घटना 2 अप्रैल 2026 की है। प्रतिष्ठा शुक्ला निवासी रजनीखंड, शारदानगर ने शिकायत की थी कि दो बाइक सवारों ने उनका मोबाइल छीन लिया। इस पर मुकदमा संख्या 89/2026 धारा 304(2) बीएनएस दर्ज किया गया। दोनों मामलों की विवेचना उ0नि0 अग्रचारी यादव कर रहे थे ।पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी वारदात को अंजाम देते दिखे। मुखबिर की सूचना पर 28 अप्रैल की रात करीब 9:40 बजे देवी खेड़ा से ईको गार्डन रोड पर 23 वर्षीय आदित्य रावत पुत्र राधेश्याम रावत, निवासी किला मोहम्मदी नगर, थाना आशियाना को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके पास से मु०अ०सं० 59/2026 से संबंधित चेन का टुकड़ा, वजन करीब 1.320 ग्राम पीली धातु, बरामद हुआ है।
पूछताछ में शातिर अभियुक्त आदित्य ने बताया कि उसने अपने दोस्त अर्जुन रावत के साथ मिलकर युवती का मोबाइल छीना था। छीनाझपटी में मोबाइल सड़क पर गिरकर टूट गया था, जिसे वहीं फेंककर दोनों भाग गए थे। आरोपी ने यह भी बताया कि उसका साथी अर्जुन रावत पहले ही पीजीआई पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आदित्य ने पूछताछ में कबूला कि खर्चे के लिए वह रात में चेन और मोबाइल छीनने की वारदात करते थे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। बरामदगी के आधार पर मु०अ०सं० 59/2026 में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा


No Previous Comments found.