लखनऊ पुलिस अब डार्क वेब और क्रिप्टो फ्रॉड से लड़ेगी
लखनऊ पुलिस अब डार्क वेब और क्रिप्टो फ्रॉड से लड़ेगी, 117 अफसरों को मिली हाईटेक ट्रेनिंग
लखनऊ- साइबर अपराध के नए तरीकों से निपटने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने 117 पुलिसकर्मियों को ब्लॉकचेन, क्रिप्टोकरेंसी और डार्क वेब की विशेष ट्रेनिंग दी। विश्वेश्वरैया हॉल में रविवार को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार, बबलू कुमार और डीसीपी मुख्यालय अमित कुमावत के मार्गदर्शन में हुई कार्यशाला का संचालन एसीपी सौम्या पाण्डेय ने किया। साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल और दीप दिवाकर ने अफसरों को ट्रेनिंग दी।
प्रशिक्षण में साइबर स्टॉकिंग, फाइनेंशियल फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल इंजीनियरिंग और ऑनलाइन ठगी के तरीकों पर जानकारी दी गई। साथ ही ब्लॉकचेन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रिप्टोकरेंसी और डार्क वेब से जुड़े अपराधों की जांच के तरीके बताए गए। क्रिप्टो से जुड़े मामलों में डिजिटल ट्रांजैक्शन ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की बारीकियां भी समझाई गईं।
कार्यशाला में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी, 2023 बैच के उपनिरीक्षक, साइबर सेल और साइबर थाने के 117 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। केस स्टडी के जरिए वास्तविक मामलों में तकनीकी जांच की प्रक्रिया समझाई गई।
पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे ताकि पुलिसिंग को तकनीकी रूप से और सक्षम बनाया जा सके। इस ट्रेनिंग से साइबर अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा


No Previous Comments found.