साइबर ठगों ने महिला के खाते से उड़ाए 1.20 लाख रुपये
रिवॉर्ड प्वाइंट के नाम पर साइबर ठगों ने महिला के खाते से उड़ाए 1.20 लाख रुपये, केस दर्ज
लखनऊ- कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक महिला को रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने का झांसा देकर उसके क्रेडिट कार्ड से 1.20 लाख रुपये पार कर दिए।
शर्मा कॉम्प्लेक्स, केनरा बैंक सिंगार नगर निवासी भारती राजपाल ने बताया कि 21 मई की शाम करीब 5:10 बजे उनके मोबाइल पर कॉलर ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके कार्ड पर रिवॉर्ड प्वाइंट जमा हैं। आरोपी ने उन्हें एक लिंक भेजकर बैंक पोर्टल पर फॉर्म भरवाया और व्हाट्सएप पर भी एक फॉर्म भेजा। पीड़िता द्वारा दिए गए नंबर पर कॉल करने पर वह नवी मुंबई के “रवि” के नाम से बताया गया।
कुछ देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 20 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन सफल हो गया, जबकि 48 हजार रुपये का दूसरा ट्रांजेक्शन बैंक द्वारा डिक्लाइन कर दिया गया। संदेह होने पर पीड़िता ने बैंक पहुंचकर अपना कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर सेल सहित कृष्णानगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी।
कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पी.के. सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सोमवार को आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.