जेन-जी पीढ़ी सांस्कृतिक पहचान को लेकर पहले से अधिक जागरूक
जेन-जी पीढ़ी अपने इतिहास और सांस्कृतिक पहचान को लेकर पहले से अधिक जागरूक है: सूरज पासी
लखनऊ- लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने गुरुवार को लखनऊ प्रेस क्लब में पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशव्यापी वृहद् जनजागरण अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि राजपासी राजा कंसा के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव मंदिर की मुक्ति एवं संरक्षण का प्रश्न पूरे पासी समाज की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पासी समाज के जिन जनप्रतिनिधियों के लिए समाज ने लोकसभा चुनाव में घर-घर जाकर वोट मांगे, दिन-रात मेहनत की और उन्हें संसद और विधानसभा तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वे आज इस विषय पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। ऐसे समय में लाखन आर्मी ने समाज की भावना और आग्रह का सम्मान करते हुए इस मुद्दे को लेकर प्रदेशव्यापी जनआंदोलन बनाने करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में एक वृहद यात्रा निकाली जाएगी जो 9 जून को हरदोई से प्रारंभ होकर प्रदेश के 31 जिलों से गुजरते हुए 9 जुलाई को लखनऊ में समाप्त होगीश्री सूरज पासी ने कहा कि पिछले कई दिनों से वह गांव-गांव जाकर नुक्कड़ सभाएं और समाज संवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। इन बैठकों में पासी समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में सनातनी हिंदुओं ने भी राजपासी राजा कंसा के किले और भगवान शिव मंदिर की मुक्ति की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के आग्रह पर ही अब इस अभियान को प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जा रहा है। सूरज पासी ने कहा कि यह किसी के विरोध का नहीं, बल्कि अपनी विरासत, इतिहास और आस्था के संरक्षण का अभियान है। लाखन आर्मी पासी समाज के साथ-साथ सभी सनातनी हिंदुओं को इस मुहिम से जोड़कर राजपासी राजा कंसा के ऐतिहासिक किले की गरिमा की पुनर्स्थापना तथा उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर को मुक्त कराने के लिए जनसमर्थन जुटाएगी। उन्होंने कहा कि आज की जेन-जी पीढ़ी अपने इतिहास और सांस्कृतिक पहचान को लेकर पहले से अधिक जागरूक है। स्वयं जेन-जी पीढ़ी से होने के कारण उनका प्रयास युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास, पूर्वजों के संघर्ष और सनातन परंपरा से जोड़ना है। अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के लिए एक विशेष रथ तैयार किया गया है, जिस पर राजपासी राजा कंसा, भगवान शिव और पासी समाज के गौरवशाली इतिहास से जुड़े चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। रथ पर रखे विशेष मटकों में लोग अपने गांव की चुटकी भर मिट्टी अर्पित करेंगे, जो सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक होगी। श्री सूरज पासी ने कहा कि लाखन आर्मी सामाजिक जागरूकता अभियान के साथ-साथ उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों, राजस्व अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी स्तर पर भी अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि राजपासी राजा कंसा की विरासत, उनके ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव मंदिर के सम्मान की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर हर संभव प्रयास करेगा। इस अवसर पर लाखन आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवि पासी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री नीरज पासी, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुशील सिंह रावत (पासी) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इन जनपदों से होकर गुजरेगी पासी जनजागरण यात्रा यात्रा की शुरुआत हरदोई से होगी, जो उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, महराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी और लखनऊ सहित 31 जनपदों से होकर गुजरेगी। इस दौरान जनसभाएं, चौपाल, समाज संवाद और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन लखनऊ में आयोजित "पासी स्वाभिमान महासम्मेलन" के साथ होगा।
No Previous Comments found.