400 बाइक सवारों की रैली के साथ यातायात माह का आगाज
लखनऊ। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में यातायात माह नवम्बर-2026 का शुभारम्भ पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत तक कमी लाने के लक्ष्य के साथ जागरूकता और यातायात नियमों के प्रभावी पालन पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद पुलिस कमिश्नर ने करीब 400 बाइक सवारों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हेलमेट पहनकर निकली रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से 1090 चौराहे तक पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने का संदेश दिया गया।
पुलिस कमिश्नर ने सड़क सुरक्षा के पांच प्रमुख स्तंभों शिक्षा, प्रवर्तन, अभियांत्रिकी, आपातकालीन देखभाल और पर्यावरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। यातायात माह के दौरान स्कूल-कॉलेजों, प्रमुख चौराहों और हाईवे पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इस अवसर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार, डीसीपी मध्य एवं यातायात अर्पित विजयवर्गीय, एडीसीपी यातायात राघवेन्द्र सिंह, एडीसीपी लाइन्स राजेश कुमार यादव और आरटीओ प्रभात पाण्डेय सहित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.