बिजली विभाग की लापरवाही देवदरिया पंचायत में एक माह से बिजली गुल, मुखिया ने जताई नाराजगी

लोहरदगा : जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत देवदरिया पंचायत क्षेत्र में करीब एक माह से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामले को लेकर पंचायत के स्थानीय मुखिया कामिल टोपनो ने  बिजली विभाग के प्रति कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बाधित रहने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण ठप हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य जरूरी कार्यों में भी परेशानी हो रही है। एक माह बीत जाने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय मुखिया ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर पंचायत क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को लंबे समय तक बिजली से वंचित रखना गंभीर समस्या है। विभाग को ग्रामीणों की परेशानी को समझते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
अब देखना यह है कि बिजली विभाग के द्वारा ग्रामीणों की इस समस्या को कब तक दूर किया जाता है और देवदरिया पंचायत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति कब बहाल होती है।

रिपोर्टर : नेहाल अहमद 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.