सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ भावुक माहौल में मीना विश्वकर्मा को दी गई विदाई
मोहनलालगंज, लखनऊ : बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय धनुवासांड़, मोहनलालगंज में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त सहायक अध्यापिका मीना विश्वकर्मा सहित क्षेत्र के लगभग 50 शिक्षकों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। साथ ही ‘स्कूल चलो अभियान’ का विधिवत शुभारंभ कर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी पवन पटेल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। न्याय पंचायत भौंदरी के सभी शिक्षक, विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ग्राम प्रधान कृष्णशरण प्रद्युम्न सिंह ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए अमूल्य बताया।इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षिका मीना विश्वकर्मा के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्साह का वातावरण बना रहा।मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी पवन पटेल ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण करते हुए कहा,
“शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, वे जीवनभर समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक होता है।”वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन अवश्य कराएं और उन्हें नियमित शिक्षा दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति जनमानस को जागरूक करने पर भी जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा दो बच्चों राखी और दिव्यांशु का कक्षा 6 में नवीन नामांकन भी किया गया, जो अभियान की सार्थकता का प्रतीक बना।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब कर्मठ एवं समर्पित शिक्षिका मीना विश्वकर्मा की विदाई की गई। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। प्रधानाध्यापक राकेश कुमार यादव ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की आवश्यकता बनी रहेगी।अंत में विद्यालय परिवार एवं छात्रों द्वारा अपने हाथों से बनाए गए उपहार भेंट कर मीना विश्वकर्मा को स्नेहपूर्ण विदाई दी गई। यह कार्यक्रम न केवल शिक्षकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का भी सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ।
रिपोर्टर : धीरज


No Previous Comments found.