वीर सावरकर जयंती पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित, युवाओं ने दिखाया उत्साह
मोहनलालगंज : मेरा युवा भारत, लखनऊ एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी डायरेक्टर अनुराग यादव के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता तथा व्यक्तित्व विकास की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने वीर सावरकर के जीवन संघर्ष, उनके राष्ट्रवादी विचारों तथा स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से देशभक्ति, आत्मनिर्भरता और समाज सेवा का संदेश दिया।प्रतियोगिता में सामावल चिस्ती ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं मोहिनी ने द्वितीय तथा शिखा ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के प्रबंधक एवं चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ तथा बंधन बैंक, कल्ली पश्चिम के शाखा प्रबंधक अवनीश मिश्रा द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि वीर सावरकर का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि सावरकर के विचार राष्ट्रसेवा, साहस और आत्मनिर्भरता का संदेश देते हैं तथा युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, युवाओं एवं प्रतिभागियों ने वीर सावरकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान देशभक्ति एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ा वातावरण बना रहा।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.