इटौंजा में बर्थडे शूट के बहाने बुलाकर फोटोग्राफर से लूट, 6 कैमरे-7 लेंस समेत लाखों का सामान ले गए बदमाश
लखनऊ : इटौंजा थाना क्षेत्र में फोटोग्राफी के बहाने बुलाकर एक वीडियोग्राफर से लाखों के कैमरे और उपकरण लूट लिए गए। चार अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने नीलांश वाटर पार्क रोड पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माल थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी अशोक यादव पेशे से फोटोग्राफर हैं। उन्होंने इटौंजा थाने में दी तहरीर में बताया कि 1 जून की रात करीब 8:30 बजे कुछ लोगों ने बर्थडे पार्टी की शूटिंग के लिए नीलांश वाटर पार्क रोड पर बुलाया था।
अशोक के मुताबिक, मौके पर पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार लोगों ने उनकी कार रोक ली और धमकाकर फोटोग्राफी का सामान लूट लिया। लूटे गए सामान में 6 कैमरे, 7 लेंस, 2 गेम्बल और एक मोबाइल फोन शामिल है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
इटौंजा पुलिस ने 2 जून को तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-78/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विवेचना उपनिरीक्षक संजय कुमार गुप्ता कर रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी होगी। खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.