बड़े मंगल पर मोहनलालगंज में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
मोहनलालगंज/लखनऊ : ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगलवार के अवसर पर मोहनलालगंज क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों, मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान मोहनलालगंज बार एसोसिएशन द्वारा बार भवन परिसर में आयोजित विशाल भंडारा आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, अधिकारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।बार एसोसिएशन द्वारा बड़े मंगल के पावन अवसर पर बालाजी महाराज के भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत दोपहर एक बजे से भंडारा एवं प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। बार भवन परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कौशलेंद्र शुक्ला एवं महामंत्री राम लखन यादव ने स्वयं प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि धार्मिक आस्था, सेवा भावना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर वर्ष बड़े मंगल के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन किए जाते हैं। भंडारे में पूरी, सब्जी, छोला, चावल, बूंदी सहित विभिन्न प्रसाद सामग्री का वितरण किया गया।कार्यक्रम में नगर पंचायत मोहनलालगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. अजय पांडेय, सत्यम जी के न्यूज के संपादक नागेश्वर द्विवेदी, एसडीएम पवन पटेल, तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र तिवारी, अखिलेश द्विवेदी, मनोज यादव, धीरज तिवारी, विवेक कुमार, अभिलाष दीक्षित, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुणेश प्रताप सिंह ‘दल्लू’, नितुल शर्मा, अधिवक्ता अमरेंद्र सिंह, यशवीर सिंह, नरेंद्र राजपूत, शाहिद सहित सैकड़ों अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भंडारे में भाग लिया।ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगलवार के अवसर पर मोहनलालगंज क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्षेत्र के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा एवं विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।इसी क्रम में मोहनलालगंज के पुराने पावर हाउस परिसर में अधिशासी अभियंता श्रवण कुमार के नेतृत्व में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का संचालन विद्युत विभाग के कर्मचारी मनोज मिश्रा ने किया। यहां भी क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।पूरे दिन चले धार्मिक आयोजनों और भंडारों के चलते मोहनलालगंज क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं का कहना था कि बड़े मंगल पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारे, सेवा और सद्भावना की भावना को मजबूत करते हैं। भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश देते इन आयोजनों ने बड़े मंगल को यादगार बना दिया।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी
No Previous Comments found.