आशियाना में योग जागरुकता वाहन रैली, 21 जून को 2000 लोगों का सामूहिक योग का लक्ष्य।
लखनऊ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले राजधानी के आशियाना क्षेत्र में योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ज्योतिबा बाई फुले जोनल पार्क से योग जागरुकता वाहन रैली निकाली गई। रैली का आयोजन उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति एवं गीता चैरिटी एंड ट्रस्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रैली को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के संरक्षक संजय गुप्ता ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह गौर, समिति के उपाध्यक्ष एवं गीता चैरिटी एंड ट्रस्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष योगाचार्य सुनील मौर्य, क्षेत्रीय पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी मुख्य रूप से मौजूद रहे। योग जागरुकता वाहन रैली आशियाना के जोनल पार्क से शुरू होकर एलडीए आशियाना के सभी मोहल्लों, बाजारों और पार्कों से गुजरी और पुनः उद्गम स्थल पर संपन्न हुई। रैली में महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, युवाओं और सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महिलाओं ने योग गीतों के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह गौर ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आशियाना क्षेत्र के मल्टी एक्टिविटी सेंटर में बड़ा योग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें लगभग 2000 योगाभ्यासी एक साथ योग करेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि और संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में योगाभ्यासियों के साथ योग करेंगे।
रैली के दौरान संजय गुप्ता ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य मानव जीवन की सबसे बड़ी निधि है। पैसा और पावर बेकार है यदि स्वास्थ्य ठीक न हो। योग, संयमित खानपान और दिनचर्या से सभी बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है। ईश्वर ने शरीर में प्राकृतिक अस्पताल की व्यवस्था की है। रैली में कोषाध्यक्ष रितेश खरबंदा, सलाहकार योगेंद्र सिंह चंदेल, मीडिया प्रभारी राजेश श्रीवास्तव, बेबी मौर्य, भानु प्रताप सिंह, राजकुमार शुक्ला, आर के गुप्ता, योगाचार्य लक्ष्मी दत्त चौबे, हंसा चौबे, डॉ. अनार सिंह सहित सैकड़ों क्षेत्रीय लोग शामिल हुए।
रिपोर्टर : राजेश श्रीवास्तव
No Previous Comments found.