कृष्णानगर में कर्ज से परेशान कारोबारी की मौत, परिवार में मातम
लखनऊ - कृष्णानगर थाना क्षेत्र के महादेव नगर, कनौसी में बुधवार सुबह एक 52 वर्षीय कारोबारी की मौत की सूचना से इलाके में शोक फैल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक राकेश दुबे मूल रूप से सुल्तानपुर के सिमरी गांव के रहने वाले थे और लखनऊ में बिजनेस कंसल्टेंसी का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि कोरोना काल में उनके कारोबार को भारी नुकसान हुआ था। कारोबार संभालने के लिए गए कर्ज के चलते वे काफी समय से आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव में थे। उन्हें चलने-फिरने में भी दिक्कत रहती थी, जिससे परेशानी और बढ़ गई थी। बुधवार सुबह करीब 6:40 बजे पत्नी सुमन दुबे की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कृष्णानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। राकेश के घर में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी शिवानी दुबे एक निजी अस्पताल में केयर टेकर हैं, जबकि छोटी बेटी प्रिया नौवीं की छात्रा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्टर - अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.