शराबी पति से विवाद के बाद नहर में कूदी महिला, पुलिस ने राहगीर की साड़ी के सहारे बचाई जान
लखनऊ। कृष्णानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पति से विवाद के बाद एक महिला ने नहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में डूबता देख मौके पर मौजूद कृष्णानगर पुलिस ने तत्काल सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए उसकी जान बचा ली। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जमकर सराहना की है। जानकारी के मुताबिक, कासिमपुर पकरी, विराटनगर निवासी गुड़िया पत्नी सतीश लोधी का गुरुवार रात करीब 10 बजे अपने पति से विवाद हो गया। आरोप है कि महिला का पति शराब का आदी है और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता है। विवाद के बाद आहत महिला ने पकरी पुलिया के पास नहर में छलांग लगा दी। इसी दौरान आजाद नगर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह अपने हमराह कांस्टेबल महताब के साथ पकरी पुलिया पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। अचानक शोरगुल सुनकर दोनों तत्काल नहर की ओर दौड़े। वहां महिला को पानी में डूबता देख चौकी प्रभारी ने बिना समय गंवाए एक राहगीर महिला से साड़ी मांगी और स्थानीय लोगों की मदद से साड़ी के सहारे डूब रही महिला को नहर से बाहर निकाल लिया। महिला को तत्काल उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने महिला की जान बचाने के साथ ही उसके पति सतीश लोधी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के दौरान पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता, सूझबूझ और तत्परता देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने चौकी प्रभारी गौरव सिंह और पुलिस टीम की सराहना की।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.